धर्मनगरी शिवरीनारायण में दीपोत्सव की तैयारी जोरों पर
शिवरीनारायण (उग्रेश्वर गोपाल केवट):- दीपावली पर्व को लेकर नगर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। बाजारों में रोशनी और सजावट की रौनक देखने लायक है। इसी बीच नगर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. दीनदयाल शास्त्री दीनू महाराज ने दीपावली के शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी साझा की है। ज्योतिषाचार्य दीनू महाराज ने बताया कि वर्ष 2025 में दीपावली का महापर्व 20 अक्टूबर (सोमवार) को मनाया जाएगा। इस दिन प्रदोष व्यापिनी तिथि और संपूर्ण अमावस्या दोनों का संयोग बन रहा है। वहीं, छत्तीसगढ़ देव पंचांग के अनुसार 21 अक्टूबर (मंगलवार) को भी उदय तिथि होने से दीपावली मनाई जाएगी। दोनों ही दिवस शुभ एवं सर्वमान्य हैं उन्होंने बताया कि अमावस्या तिथि 20 अक्टूबर दोपहर 3:44 बजे से प्रारंभ होकर 21 अक्टूबर शाम 5:54 बजे तक रहेगी। इस अवधि में श्रद्धालु भगवान गणेश, माता सरस्वती एवं माता लक्ष्मी की आराधना कर सकते हैं। पूजा के समय उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके दीप प्रज्वलित करना अत्यंत शुभ माना गया है। पूजन में कुंकुम, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य का समावेश करें। घर के ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में दीप जलाना विशेष फलदायी बताया गया है। शास्त्री दीनू महाराज ने कहा कि दीपावली की रात्रि महालक्ष्मी साधना, कनकधारा स्तोत्र पाठ और श्रीसूक्त पाठ करने से धन-धान्य, समृद्धि और सौभाग्य की वृद्धि होती है। उन्होंने सभी नगरवासियों से आग्रह किया कि वे इस पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति से दीपोत्सव मनाएं।





