
सामरी। अनुभाग कुसमी के राजस्व विभाग करुण डहरिया द्वारा मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध धान भंडारण का बड़ा मामला उजागर किया गया है। तहसील सामरी के अंतर्गत स्थित शासकीय स्कूल के बाउंड्री वॉल के बाहर बने खलिहान में भारी मात्रा में अवैध धान संग्रहित पाए जाने पर विभागीय टीम ने तुरंत छापामार कार्रवाई की।
जांच के दौरान करीब 200 बोरी धान, जिसे झारखंड से अवैध रूप से लाकर रखा गया था, मौके पर जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ और दस्तावेज़ों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस धान पर न तो वैध परिवहन अनुमति थी और न ही भंडारण की कोई आधिकारिक जानकारी दर्ज थी।
कार्रवाई के दौरान यह धान बिंदेश्वर यादव, पिता अयोध्या यादव के कब्जे से बरामद किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर राजस्व विभाग और अनुभाग कुसमी की टीम ने विशेष निगरानी अभियान चलाया था। उसी के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मौके से जब्त की गई समस्त धान की बोरियों को नियम अनुसार सचिव ग्राम पंचायत सामरी को सुरक्षित संरक्षण हेतु सुपुर्द कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि धान की उत्पत्ति, खरीद एवं परिवहन के संबंध में विस्तृत जांच आगे भी की जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई तय है।
इस कार्रवाई के बाद अनुभाग कुसमी के राजस्व विभाग ने दोबारा स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण, अवैध परिवहन और धान तस्करी जैसी गतिविधियों पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में आगे भी सतत निरीक्षण और आकस्मिक जांच जारी रहेगी।
