
सुदीप यादव/सामरी
कुसमी।जहां एक ओर प्रदेश से लेकर जनपद पंचायत कुसमी तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार और नेतृत्व काबिज है, वहीं दूसरी ओर सरपंच संघ के चुनाव में भाजपा को अप्रत्याशित झटका लगा है। बुधवार को संपन्न हुए कुसमी सरपंच संघ के पहले चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी संतोष इंजीनियर ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी बलदेव नगेशिया को 13 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
जनपद पंचायत कुसमी की कुल 77 ग्राम पंचायतों में से 73 सरपंचों ने मतदान में हिस्सा लिया, जिससे चुनाव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। चुनावी मुकाबले में चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद संतोष इंजीनियर को 38 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित बलदेव नगेशिया को 25 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं नन्हे लकड़ा को 10 मत मिले, शेष मत अन्य प्रत्याशी के खाते में गए।
विशेष बात यह रही कि वर्तमान में जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित अधिकांश जनपद सीटों पर भाजपा समर्थित प्रतिनिधि काबिज हैं। इसके बावजूद सरपंच संघ के इस अहम चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हार ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
यह चुनाव भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो की मौजूदगी और देखरेख में संपन्न हुआ
और व वर्तमान में अभी ग्राम पंचायत देवरी की दूसरा योजना की वर्तमान सरपंच पद पर कब्जा होते हुए भी, यह चुनाव में बहुमत नहीं दिला पाई।
बावजूद इसके परिणाम भाजपा के पक्ष में नहीं जा सका।
चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जनपद उपाध्यक्ष अशोक सोनी को रिटर्निंग अधिकारी तथा जनपद सदस्य हुमंत सिंह को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया था। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस चुनाव को लेकर अब क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि “सरकार भाजपा की है, लेकिन सरपंचों का भरोसा कांग्रेस समर्थित नेतृत्व पर दिखा।”
जीत की घोषणा के बाद जनपद परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष इंजीनियर का सरपंचों ने माल्यार्पण कर, मुंह मीठा कराकर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर संतोष इंजीनियर ने कहा कि सरपंच संघ ने जो विश्वास उन पर जताया है, वे उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संघ सभी सरपंचों की समस्याओं, अधिकारों और विकास कार्यों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष बलरामपुर ने पंचायती राज व्यवस्था को और सशक्त करने के लिए बड़े सम्मेलन आयोजित करने का आग्रह किया। साथ ही दूर-दराज से आने वाले सरपंचों और सचिवों की सुविधा के लिए कुसमी में रैन बसेरा निर्माण की मांग रखी गई। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग की लंबित राशि शीघ्र जारी करने की मांग भी छत्तीसगढ़ सरकार से की गई, ताकि गांवों का विकास बाधित न हो।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत, मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो, सुशी टोप्पो, कृष्णा मुरारी सोनी, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण पैंकरा, अशोक गुप्ता, राजेंद्र यादव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष खसरू बुनकर, लल्लू यादव, कांग्रेस युवा नेता दीपक बुनकर, युवा नेता वेदांत भारती, सहित बड़ी संख्या में सरपंच एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
