
सुदीप यादव/ सामरी
कुसमी विकासखंड अंतर्गत सेरेंगदाग स्थित बालाजी टाइल्स एवं मार्बल कंपनी के खिलाफ स्थानीय ट्रक मालिकों का आक्रोश सामने आया है। कंपनी द्वारा लोकल वाहन मालिकों की अनदेखी कर बाहरी गाड़ियों से परिवहन कराए जाने और तय भाड़े में मनमानी कटौती किए जाने के विरोध में ट्रक मालिकों ने 23 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सेरेंगदाग खदान चालू होने के बावजूद परिवहन कार्य में स्थानीय गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जिससे उनकी गाड़ियों को लोडिंग नहीं मिल पा रही है। वहीं, पहले से तय किए गए भाड़े में भी कटौती की जा रही है। इस संबंध में 10 दिसंबर 2025 को कंपनी मैनेजर को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
ट्रक मालिकों ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी समस्या लेकर कांटा घर पहुंचे तो वहां मौजूद मैनेजर ने धमकी भरे लहजे में कहा कि कंपनी जिस भाड़े पर दे रही है उसी में गाड़ी चलानी होगी, नहीं तो बाहर की गाड़ियों से परिवहन कराया जाएगा। जबकि खदान खुलने से पूर्व यह आश्वासन दिया गया था कि स्थानीय लोगों और लोकल गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब केवल कागजी वादा साबित हो रहा है।
ट्रक मालिकों ने एसडीएम कुसमी से हस्तक्षेप कर लोकल गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता दिलाने, तय भाड़ा लागू कराने और कंपनी की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
आवेदन देने में ट्रक मालिक अनिल यादव, संजय यादव,अजय प्रताप सिंह (बिक्की) दिलीप मांझी, बृजेश यादव (बीजू), अमर दयाल यादव, रामकिशुन यादव, प्रवीण यादव, आशीष गुप्ता, दीपू यादव, यूसुफ खान सामरी, अतुल गुप्ता, संदीप यादव, दिलीप यादव, सुदीप यादव समस्त उपस्थिति रहे।
