Thursday, February 19, 2026
No menu items!

चांपा में होली त्यौहार के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न

चांपा। आगामी होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चांपा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीओपी योगिता खापर्डे एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में नगर के जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रमुख, व्यापार मंडल के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओपी योगिता खापर्डे ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, जिसे सभी नागरिक मिलजुलकर शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की हुड़दंग से बचें।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया। अंत में सभी ने एक स्वर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org