Monday, March 9, 2026
No menu items!

महानदी का सीना छलनी: युवाओं को आगे कर रेत माफियागिरी, सरपंचों के संरक्षण में लाखों का अवैध उत्खनन! हर ट्रिप पर ₹200 की उगाही, खनिज विभाग की कार्रवाई सिर्फ हाईवे तक सीमित – जल्द होगा नामों के साथ बड़ा खुलासा।

जांजगीर-चांपा। जिन हाथों में कलम और किताब होनी चाहिए, वे हाथ आज महानदी का सीना छलनी करने में लगे हुए हैं। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खरगहनी में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय युवाओं को आगे कर कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में महानदी से दिन-रात अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है। ट्रैक्टरों के जरिए रेत की ढुलाई की जा रही है और हर ट्रिप के पीछे ‘लोडिंग चार्ज’ के नाम पर ₹200 की उगाही की जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस ग्राम पंचायत के कंधों पर गांव के विकास की जिम्मेदारी होती है, वहीं के कुछ ग्राम प्रमुखों के संरक्षण में यह पूरा खेल संचालित होने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। ग्रामीणों का कहना है कि महानदी के तट को बेरहमी से खोदकर उसका सीना छलनी किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और नदी की प्राकृतिक संरचना पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इधर, खनिज विभाग की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है। विभागीय अधिकारी कभी-कभार हाईवे पर कुछ ट्रैक्टरों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दावा करते नजर आते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि नदी घाटों पर खुलेआम अवैध उत्खनन जारी है। इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर चालक खुलेआम उन लोगों के नाम लेते दिखाई दे रहे हैं जो इस अवैध उत्खनन को संरक्षण दे रहे हैं। यदि इस वीडियो की निष्पक्ष जांच होती है तो कई बड़े नामों का खुलासा होना तय माना जा रहा है। वहीं, जब इस पूरे मामले को लेकर खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या महानदी को लूटने वालों पर सच में सख्त कार्रवाई होगी या फिर कार्रवाई सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएगी? फिलहाल इस अवैध खेल के पीछे किन-किन सरपंचों और युवाओं का हाथ है, इसका बड़ा खुलासा जल्द नाम और गांव के साथ किया जाएगा।

महानदी को लूटने वालों सावधान! अब सबूत सामने हैं… नामों के साथ जल्द होगा सबसे बड़ा खुलासा।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org