कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में “पीएम किसान उत्सव दिवस” कार्यक्रम आयोजित, प्रधानमंत्री का गुवाहाटी से हुआ सीधा प्रसारण।

जांजगीर-चांपा। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम किसान सम्मान निधि के तहत शुक्रवार 13 मार्च 2026 को जिले के किसानों को बड़ी सौगात मिली। जिले के 1 लाख 18 हजार 890 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 23 करोड़ 91 लाख रुपए की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा असम के गुवाहाटी स्थित ज्योति-विष्णु अंतर्राष्ट्रीय कला केंद्र, खानापारा से पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के किसानों के खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक श्री राकेश कुमार शर्मा ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने रबी सीजन में दलहन और तिलहन फसलों के रकबे को बढ़ाने, उन्नत खेती तकनीकों को अपनाने तथा मिट्टी परीक्षण के महत्व पर जोर दिया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के.डी. महन्त ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराया। उन्होंने किसानों को जीवामृत और बीजामृत बनाने की विधि और इसके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया, जिससे खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, जनप्रतिनिधि कमल कश्यप, तथा सरपंच जर्वे (च) सहित करीब 150 किसान उपस्थित रहे। वहीं जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 523 कृषकों को भी सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस तरह जिले में कुल 673 किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके अलावा जिले के कई ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम का प्रसारण कर किसानों को योजना की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
जिले के 118890 किसानों को मिला लाभ।
खातों में पहुंचे 23.91 करोड़ रुपए।
पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी।
प्राकृतिक खेती और मिट्टी परीक्षण पर किसानों को दी गई जानकारी।
