जांजगीर-चांपा:-शिवरीनारायण से खैरताल मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) शिवरीनारायण को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति की जानकारी देने तथा निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि शिवरीनारायण से खैरताल तक का मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि सड़क निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित विभाग को तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए जाएं।

ग्रामीणों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो क्षेत्र की आम जनता और जनप्रतिनिधि अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं महानदी पुल पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली जनअसुविधा की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
वर्जन
PWD विभाग से इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार,, वर्ष 2026-27 के बजट में प्रशासनिक स्वीकृति के लिए प्रस्तावित है। शासन की ओर से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया कर आगे की सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
