Sunday, November 15, 2026
No menu items!

शराब माफियाओं पर शिवरीनारायण पुलिस का दोहरा प्रहार! रात के अंधेरे से सुबह की कार्रवाई तक जंगल और नदी किनारे मचा हड़कंप, भारी मात्रा में महुआ लाहन व शराब बनाने की सामग्री नष्ट।

देवरी-खोरसी के जंगलों से नदी किनारे तक पुलिस का एक्शन मोड, अवैध कच्ची महुआ शराब के कारोबार पर लगातार चोट; शिवरीनारायण पुलिस की सक्रियता बनी चर्चा का विषय।

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शिवरीनारायण पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती नजर आ रही है। शराब कोचियों और अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों के संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम ने जिस तरह रात से लेकर सुबह तक मोर्चा संभाला, उससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।मामला देवरी-खोरसी के बीच स्थित घने जंगलों का है, जहां बीती रात अवैध कच्ची महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जवान रात के अंधेरे में जंगलों के बीच पहुंचे और मौके पर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा महुआ लाहन बरामद कर उसे नष्ट किया। पुलिस की इस कार्रवाई से जंगलों में संचालित अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर सीधा प्रहार हुआ। लेकिन पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं थमी। सुबह होते ही टीम ने नदी किनारे स्थित दूसरे ठिकानों पर भी दबिश दी। यहां बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले महुआ लाहन और शराब निर्माण से जुड़ी अन्य सामग्री का नष्टीकरण किया गया। लगातार दो चरणों में हुई इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि पुलिस अब केवल शिकायतों का इंतजार करने के बजाय सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के मूड में है।

रात में जंगलों की घेराबंदी, सुबह नदी किनारे कार्रवाई!

इस पूरी कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस टीम ने रात और सुबह दोनों समय सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की। घने जंगलों से लेकर नदी किनारे तक अवैध शराब निर्माण के संभावित स्थानों पर पहुंचकर महुआ लाहन और संबंधित सामग्री को नष्ट किया गया। इससे यह सवाल भी सामने आता है कि आखिर इन दुर्गम इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां किस तरह संचालित हो रही थीं?

आबकारी विभाग की भूमिका पर भी उठने लगे सवाल:– जंगलों और नदी किनारे बड़े पैमाने पर महुआ लाहन मिलने की घटनाएं अवैध शराब निर्माण पर प्रभावी निगरानी को लेकर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे में आबकारी विभाग की क्षेत्रीय निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर भी चर्चा होना स्वाभाविक है। हालांकि, इस संबंध में विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

पुलिस की सक्रियता काबिले तारीफ, लेकिन कार्रवाई का सिलसिला रहे जारी

शिवरीनारायण पुलिस टीम की लगातार सक्रियता और सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने की तत्परता निश्चित रूप से सराहनीय है। अवैध शराब का कारोबार केवल कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक वातावरण और युवाओं के भविष्य से भी जुड़ा गंभीर विषय है। अब जरूरत इस बात की है कि ऐसी कार्रवाई केवल एक-दो दिनों तक सीमित न रहे, बल्कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के पूरे नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही इस कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल, देवरी-खोरसी के जंगलों से नदी किनारे तक शिवरीनारायण पुलिस की कार्रवाई ने अवैध महुआ शराब कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून की नजर से बचकर अवैध कारोबार चलाना आसान नहीं होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org