Sunday, September 27, 2026
No menu items!

डिस्पोजल पानी पाऊच नहीं बेचने की शर्तों पर दिए गए थे चखना दुकान का लाइसेंस, फिर भी खुलेआम हो रहा उल्लंघन आबकारी विभाग की चुप्पी बनी सवालों का कारण, नगर में चर्चाओं का विषय

जांजगीर-चांपा। नगर के विभिन्न शराब दुकानों के सामने संचालित चखना दुकानों को आबकारी विभाग द्वारा कुछ स्पष्ट शर्तों के साथ लाइसेंस प्रदान किया गया था। इन शर्तों में यह भी प्रमुख रूप से उल्लेखित था कि चखना दुकानों में किसी भी प्रकार के डिस्पोजल ग्लास, पानी पाऊच या अन्य पैक्ड वस्तुएं नहीं बेची जाएंगी। लेकिन वर्ष बीत जाने के बाद भी इन नियमों का पालन कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।

शहर के प्रमुख शराब दुकानों के सामने चखना दुकानों में खुलेआम डिस्पोजल, पानी पाऊच और प्लास्टिक की सामग्री का उपयोग व बिक्री की जा रही है। वहीं, आबकारी विभाग द्वारा इन नियमों के उल्लंघन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग की निष्क्रियता या मौन स्वीकृति की चर्चा नगर में जोरों पर है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आबकारी विभाग द्वारा लाइसेंस देने के समय कड़े निर्देश दिए गए थे कि दुकानों में स्वच्छता का ध्यान रखा जाएगा, डिस्पोजल सामग्री का प्रयोग नहीं होगा और शराब के साथ किसी प्रकार की अवैध वस्तु की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। लेकिन आज स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। कई चखना दुकानें छोटे रेस्तरां का रूप ले चुकी हैं जहाँ प्लास्टिक के ग्लास, पानी पाऊच और अन्य पैक्ड आइटम्स की खुली बिक्री हो रही है।

विभागीय सूत्रों की माने तो निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति कर ली जाती है। मौके पर न तो नियमों की जांच की जाती है और न ही उल्लंघन पर कार्रवाई। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या आबकारी विभाग की यह चुप्पी निष्क्रियता का परिणाम है या फिर मौन स्वीकृति का।

शहरवासियों का कहना है कि विभाग को तुरंत इन दुकानों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाहियाँ न हों। अन्यथा, इस तरह की अनदेखी से न केवल पर्यावरण को नुकसान होगा, बल्कि सरकारी नियमों की साख पर भी प्रश्नचिह्न लग जाएगा।

नगर में अब यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर आबकारी विभाग कार्रवाई से परहेज़ क्यों कर रहा है, जबकि हर दिन नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। अब देखना यह होगा कि विभाग कब जागता है और नियमों के पालन को लेकर सख्त कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org