
सुदीप यादव/सामरी
बलरामपुर।मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर गांधीजी की विचारधारा और विरासत को कमजोर करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत के आत्मसम्मान पर सीधा हमला है।
जिला अध्यक्ष हरिहर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि देश के गरीब मजदूरों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महात्मा गांधी का नाम केवल एक पहचान नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और श्रम की गरिमा का प्रतीक है।
धरने में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस ने दो टूक कहा कि गरीबों और मजदूरों के हक की यह लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस से कुसमी नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत, सामरी वरिष्ठ नेता मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजेश यादव, युवा नेता दीपक बुनकर, युवा नेता रूपेश यादव व अन्य कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।
