Wednesday, February 11, 2026
No menu items!

स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान पर टेंट संघ शिवरीनारायण सम्मानित!

शिवरीनारायण। नगर पंचायत शिवरीनारायण, जिला–जांजगीर-चांपा द्वारा स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने पर टेंट संघ शिवरीनारायण को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 26 जनवरी 2026 को नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने की दिशा में संघ की सक्रिय भूमिका के लिए दिया गया। नगर पंचायत द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत टेंट संघ शिवरीनारायण ने प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

संघ के प्रयासों से नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को नई दिशा मिली है। सम्मान समारोह के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने टेंट संघ के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया और संघ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पावन धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में नगर पंचायत द्वारा संचालित प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफल बनाने हेतु टेंट संघ ने पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया। संघ ने स्पष्ट किया कि नगर में आयोजित होने वाले किसी भी कार्यक्रम स्थल पर प्लास्टिक एवं डिस्पोज़ल सामग्री का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी आयोजन में प्लास्टिक की प्लेट, चम्मच, गिलास, कटोरी अथवा पॉलीथिन का प्रयोग नहीं किया जाएगा। टेंट संघ ने सभी आयोजनकर्ताओं से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और टेंट परिसरों में प्लास्टिक या डिस्पोज़ल सामग्री का प्रयोग न करें।

यह पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की ओर भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। नगरवासियों ने टेंट संघ शिवरीनारायण की इस सकारात्मक पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर टेंट संघ के अध्यक्ष प्रियतम सोनी, संघ के सम्मानिय सदस्य विजय टंडन एवं वासु सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org