शिक्षा, संस्कृति और उत्साह का संगम: केसला स्कूल में भव्य वार्षिक उत्सव सम्पन्न।
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केसला के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में इस वर्ष का वार्षिक उत्सव पूरे हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। गांव के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से ऐसा रंग जमाया कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिससे यह उत्सव गांव के लिए किसी महापर्व से कम नहीं रहा। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन की पहल विद्यालय के प्रधान पाठक बलीराम देवांगन ने की, जिसे ग्राम पंचायत केसला के सरपंच अंबिका-अर्जुन यादव का पूर्ण सहयोग और सहभागिता प्राप्त हुआ। शिक्षा और संस्कृति के इस सुंदर संगम ने गांव में एक सकारात्मक संदेश दिया कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घासीराम कश्यप (प्राधिकृत अधिकारी, सेवा सहकारी समिति एवं नवागढ़ जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच अंबिका-अर्जुन यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरोजनी नंदकुमार यादव (जनपद पंचायत सदस्य, क्षेत्र क्रमांक 17), अर्जुन यादव (छत्तीसगढ़ पुलिस), हेतराम यादव, मनहरण केवट, भुवन लाल तुर्काने, कृपाराम पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय परिवार के दिलीप देवांगन, देवनारायण देवांगन सहित समस्त शिक्षकगण एवं ग्रामवासी इस आयोजन की सफलता में सक्रिय रूप से सहभागी बने। यह वार्षिक उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और सामुदायिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। केसला गांव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब पंचायत, विद्यालय और ग्रामीण एकजुट होते हैं, तो सफलता स्वयं कदम चूमती है।
