Monday, March 9, 2026
No menu items!

महिलाओं को मिला अधिकारों का ज्ञान, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर व सम्मान समारोह का आयोजन”

अजीज प्रेमजी फाउंडेशन की पहल, महिलाओं को कानून, हेल्पलाइन और लोक अदालत की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

पामगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अजीज प्रेमजी फाउंडेशन के द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर शक्ति सिंह राजपूत तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा के निर्देशानुसार किया गया। वहीं कार्यक्रम का मार्गदर्शन माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पीएलव्ही गजानंद प्रसाद कश्यप ने उपस्थित मातृशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के अधिकारों और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, नालसा हेल्पलाइन 15100, समानता का अधिकार, मातृत्व लाभ अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, निःशुल्क कानूनी सहायता, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR), शिक्षा का अधिकार और मध्यस्थता की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले लोक अदालत के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक मामलों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का सम्मान भी किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिला। इस अवसर पर पीएलव्ही नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, अजीज प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्यगण, आंगनवाड़ी नेवराबंद से सरला दुबे, सोमेश कुमार ठाकुर सहित अन्य अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत बनाना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org