Friday, March 13, 2026
No menu items!

देवरी के नदी किनारे चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री! आबकारी विभाग की नाक के नीचे महुआ शराब का साम्राज्य – जल्द होगा बड़ा खुलासा EXPOSED 🚨

जांजगीर–चांपा जिले में अवैध कच्ची महुआ शराब का कारोबार इस कदर फल-फूल रहा है कि अब यह किसी छोटे-मोटे धंधे की बजाय एक संगठित साम्राज्य का रूप ले चुका है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल आबकारी विभाग की नाक के नीचे चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी या तो अनजान बने बैठे हैं या फिर सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए हैं।जानकारी के अनुसार, शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से महज 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम देवरी के नदी किनारे हर रोज भारी पैमाने पर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही है। यहां का नजारा किसी छोटे स्तर की भट्टी का नहीं बल्कि एक पूरी “अवैध शराब फैक्ट्री” जैसा दिखाई देता है। नदी किनारे बड़े-बड़े ड्रमों में महुआ को सड़ाकर शराब तैयार की जाती है और फिर रात के अंधेरे में इसे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई कर दिया जाता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, देवरी के इस इलाके में हर दिन बड़ी मात्रा में कच्ची शराब तैयार होती है, जिसके बाद इसे क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और बाजारों में खुलेआम बेचा जाता है। हालत यह है कि कई जगहों पर अवैध महुआ शराब की बिक्री इतनी सामान्य हो गई है जैसे यह कोई वैध व्यापार हो। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इतनी बड़ी मात्रा में शराब तैयार हो रही है, तो क्या इसकी जानकारी आबकारी विभाग को नहीं है? या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है? आबकारी विभाग अक्सर छोटे-मोटे शराब बेचने वालों पर कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपाता नजर आता है, लेकिन जहां असल में बड़े पैमाने पर शराब बनाई जा रही है, वहां तक विभाग के “जांबाज अफसरों” के हाथ आखिर क्यों नहीं पहुंचते?

स्थानीय लोगों का कहना है कि देवरी में चल रही इस अवैध शराब फैक्ट्री के पीछे मजबूत संरक्षण का खेल चल रहा है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ शराब कोचियों ने चौंकाने वाला दावा किया है कि इस पूरे कारोबार के पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों का संरक्षण है, जिन तक हर महीने मोटी रकम पहुंचाई जाती है। यदि यह आरोप सही हैं तो यह सिर्फ अवैध शराब का मामला नहीं बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल है। क्योंकि जब संरक्षण की छाया मिल जाती है तो कानून का डर खत्म हो जाता है और अवैध कारोबारियों के हौसले आसमान छूने लगते हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या आबकारी विभाग इस पूरे मामले पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह अवैध कारोबार यूं ही फलता-फूलता रहेगा? इस पूरे मामले से जुड़े नाम, सबूत और संरक्षण देने वालों का बड़ा खुलासा बहुत जल्द किया जाएगा। जांजगीर–चांपा जिले में चल रहे इस अवैध शराब के साम्राज्य का सच अब ज्यादा दिन छिपा नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क से पर्दा उठ सकता है और कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org