शोतो स्पोर्ट्स कराते इंडिया एसोसिएशन द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण, छात्र-छात्राओं को सिखाए गए आत्मरक्षा के गुर।

मुनगी/चंदखुरी: आज के दौर में आत्मरक्षा हर छात्र-छात्रा के लिए बेहद जरूरी हो गई है। इसी उद्देश्य को लेकर आर्यन पब्लिक स्कूल मुनगी में शोतो स्पोर्ट्स कराते इंडिया एसोसिएशन द्वारा 3 दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा मार्शल आर्ट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और जोश के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सिहान कोच इशांत ईश्वरदास महंत ने बताया कि मार्शल आर्ट न केवल आत्मरक्षा का मजबूत माध्यम है, बल्कि यह बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस भी विकसित करता है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कराटे की विभिन्न तकनीकों और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए। विद्यालय के प्राचार्य रितेश पुरोहित ने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल और आत्मरक्षा का ज्ञान भी बेहद आवश्यक है। कराटे जैसे खेल से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है और वे किसी भी परिस्थिति में खुद की रक्षा करने में सक्षम बनते हैं। उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और खेलों के माध्यम से युवाओं का भविष्य भी उज्ज्वल हो रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर लालिमा बघेल, योग टीचर काजल कश्यप सहित पूरे विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।प्राचार्य ने कराटे मास्टर इशांत ईश्वरदास महंत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण शिक्षा मिली है, जो आज के समय में बेहद आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन ने यह भी घोषणा की कि जिन विद्यार्थियों की कराटे में रुचि है, उनके लिए विद्यालय परिसर में ही नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत हर सप्ताह सोमवार और शनिवार को कराटे की विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
