जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर में स्थित एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ने अपना 9वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं अस्पताल के एमडी डॉ. शोभराज चंदानी ने बताया कि चांपा में एनकेएच सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का पांच मंजिला भवन तेजी से तैयार हो रहा है और जल्द ही इसका शुभारंभ किया जाएगा।
नए अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को कई सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों, उनके परिजनों और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। डॉ. शोभराज चंदानी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों से एनकेएच अस्पताल आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों की टीम, 24 घंटे आपातकालीन सेवा, स्वच्छ वातावरण और बेहतर उपचार के साथ क्षेत्रवासियों की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों का विश्वास ही अस्पताल की सबसे बड़ी पूंजी है। डॉ. चंदानी ने बताया कि जल्द शुरू होने वाले एनकेएच सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, ईएनटी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, सीटीवीएस, डेंटल, प्लास्टिक सर्जरी और बर्न यूनिट जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा कैथ लैब, सीटी स्कैन, एमआरआई, 80 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट, ब्लड बैंक, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 12 बेड की डायलिसिस यूनिट, ट्रॉमा एम्बुलेंस और 24×7 इमरजेंसी सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इससे जांजगीर-चांपा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की जरूरत काफी हद तक कम होगी।
