चांपा, 15 अक्टूबर 2025 (बुधवार)।
आज नगर पालिका परिषद चांपा में नव नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी संघ नगरीय निकाय के प्रदेश पदाधिकारियों का आगमन हुआ। प्रदेश पदाधिकारियों का नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने सर्वप्रथम मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रामसंजीवन सोनवानी से सौजन्य मुलाकात की, जिसमें नगर पालिका के वरिष्ठ कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात पालिका सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य रूप से समय पर वेतन भुगतान, पदोन्नति के लिए पदों की स्वीकृति, तथा चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों—जैसे पंप कुली, भृत्य एवं सफाई कामगार—जो पिछले 10 से 15 वर्षों से कार्यरत हैं, उनके पदोन्नति या पदनाम परिवर्तन के विषय पर शासन से चर्चा करने का आग्रह किया गया।
प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि जिन कर्मचारियों की समस्याएँ बैठक में प्रस्तुत नहीं हो सकीं, वे अपनी बात लिखित रूप में संघ को भेजें, ताकि उन्हें उचित मंच पर उठाया जा सके। प्रदेश अध्यक्ष श्री सोनी ने सभी कर्मचारियों से संगठन के प्रति निष्ठावान एवं एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संघ प्रतिमाह शासन स्तर पर उच्च अधिकारियों के समक्ष कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएँ प्रस्तुत करता है तथा उनके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी समस्याओं को बेझिझक संघ के समक्ष रखें ताकि उनका समाधान शीघ्र कराया जा सके।
बैठक में कर्मचारियों ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और विश्वास व्यक्त किया। निकाय के लेखापाल श्री भूपेंद्र देवांगन, गौरव शुक्ला, चैतराम डिंडोरे, प्रीति तिवारी सहित अन्य कर्मचारियों ने प्रदेश पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं जलपान के साथ बैठक का समापन हुआ।
इस अवसर पर धर्मेंद्र पाठक, रेशम यादव, नारायण खांडे, लखेश्वर सिदार, देवेन्द्र कैवर्त, जवाहर पटेल, वेदराम चौरसिया, यशवंत नामदेव, प्रेमनारायण राठौर, प्रकाश गाड़ा, विनय यादव, हरीश यादव, उत्तम पाल, इतवारी डहरिया, जवालाल राठौर, सुरेश सोनी, मंजूरी सरकार, ननकी बाई, पुनाई बाई, हमीदा बेगम, सुखदेव बरेठ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदेश पदाधिकारियों ने बैठक के सौहार्दपूर्ण वातावरण की सराहना करते हुए अपने अगले पड़ाव नगर पालिका शक्ति के लिए प्रस्थान किया।





