Wednesday, February 11, 2026
No menu items!

शहीद वीर नारायण सिंह का शहादत दिवस 10 दिसंबर को, जांजगीर में होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

जांजगीर। छत्तीसगढ़ की स्वतंत्रता संग्राम की अमर विभूति और प्रथम क्रांतिकारी शहीद वीर नारायण सिंह की शहादत को नमन करते हुए आगामी 10 दिसंबर 2025, बुधवार को जांजगीर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सर्व छत्तीसगढ़िया समाज, सर्व आदिवासी समाज एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

कार्यक्रम स्थल शहीद वीर नारायण चौक / कलेक्ट्रेट मोड़, जांजगीर निर्धारित किया गया है, जहां सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक श्रद्धांजलि सभा, पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि का आयोजन होगा। आयोजकों ने बताया कि शहीद वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ छत्तीसगढ़ की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका संघर्ष छत्तीसगढ़ की अस्मिता, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी शौर्य गाथा से परिचित कराने का अवसर भी है। आयोजकों ने जिले के सभी समुदायों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शहीद को नमन करने की अपील की है।

कार्यक्रम में शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण, संक्षिप्त संबोधन एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा उनके जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला जाएगा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने बताया कि हर व्यक्ति को अपने इतिहास और महान बलिदानियों से प्रेरणा लेकर समाज की सेवा करने का संकल्प लेना चाहिए।

आयोजकों ने जिले के सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील करते हुए कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनकी त्याग और समर्पण की भावना को अपनाएँ।

अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9340762343 एवं 7489832969 जारी किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org