शिवरीनारायण। परम पूज्य संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी की 269वीं जयंती के अवसर पर बहुजन कल्याण संघ के तत्वावधान में 18 दिसंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महान समाज सुधारक एवं सतनाम पंथ के प्रवर्तक गुरु घासीदास जी की जयंती पर जैत खाम्ब में विधिवत ध्वजारोहण कर पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गुरु घासीदास जी द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा और मानव समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

पूजा-अर्चना के पश्चात भजन-कीर्तन एवं गुरु वंदना का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। समाज के पदाधिकारियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु घासीदास जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं।

उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर समाज में भाईचारा, समानता और सद्भाव को और मजबूत करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा समाज की एकता, समरसता और कल्याण के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
