
सुदीप यादव/सामरी
कुसमी विकासखंड के नक्सल प्रभावित एवं पहुँचविहीन ग्राम चुनचुना पुंदाग में अंग्रेज़ी नववर्ष को इस बार एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पहल के रूप में मनाया जा रहा है। नववर्ष के अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ग्राम में रात्रि विश्राम कर जनजातीय समाज के बीच रहेंगे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ नववर्ष का स्वागत करेंगे।
सांसद चिंतामणि महाराज ने इस अवसर पर कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और आत्मबल ही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। नववर्ष के साथ सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता को केंद्र में रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की भावना पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सत्संग का आयोजन कर सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सकारात्मक सोच के आशा-दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। सांसद द्वारा नक्सल प्रभावित अंचल में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों के साथ समय बिताने की यह पहल, विश्वास बहाली और जनसंवाद को सशक्त करने की दिशा में एक मजबूत संदेश मानी जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं जनजातीय बंधुओं ने सांसद चिंतामणि महाराज की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल क्षेत्र का मनोबल बढ़ता है, बल्कि विकास, शांति और समरसता की राह भी प्रशस्त होती है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस प्रकार की सीधी सहभागिता और सांस्कृतिक सम्मान आधारित पहल यह दर्शाती है कि विकास केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व और जनसरोकार से संभव है। यह नववर्ष आयोजन क्षेत्र में सामाजिक चेतना, विश्वास और सांस्कृतिक एकजुटता का सशक्त प्रतीक बनकर उभर रहा है।
