Wednesday, February 11, 2026
No menu items!

होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ का तोहफा! 3100 रुपये क्विंटल पर धान खरीदी का बड़ा फैसला, कैबिनेट में मुहर।

होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ का तोहफा! 3100 रुपये क्विंटल पर धान खरीदी का बड़ा फैसला, कैबिनेट में मुहर।

रायपुर, 11 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली पर्व से पहले करने का ऐलान किया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि होली से पहले किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

देश में सर्वाधिक दर पर खरीदी का दावा:– सरकार के अनुसार छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को धान के मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष होली से पहले प्रस्तावित 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के बाद यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।

विधानसभा सत्र और बजट को भी मंजूरी:– मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को भी अनुमोदित किया। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को स्वीकृति प्रदान की गई।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा संबल:– विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहार से पहले किसानों के खातों में बड़ी राशि पहुंचने से ग्रामीण बाजारों में क्रय शक्ति बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार का दावा है कि यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org