सहायक ग्रेड-2 पुरुषोत्तम यादव पर स्थानांतरण की गिरी गाज
पामगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (लिपिक) पुरुषोत्तम यादव पर सेवानिवृत्त शिक्षकों से कार्य के एवज में पैसे मांगने की शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री आकाश सिंह को प्राप्त हुई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए श्री सिंह ने मामले से जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मामले की जांच के आदेश दिए गए। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 पुरुषोत्तम यादव का स्थानांतरण कर दिया गया।
इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग द्वारा शिकायतों के प्रति गंभीरता और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं आम नागरिकों ने निष्पक्ष जांच एवं त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।
