
सुदीप यादव/सामरी बलरामपुर
छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इसी सूची में जशपुर जिले के कुनकुरी के मूल निवासी एवं वर्तमान में बलरामपुर जिले के सामरी क्षेत्र में तहसीलदार के रूप में पदस्थ पारस शर्मा ने प्रदेश में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पारस ने लिखित परीक्षा में पूरे राज्य में सर्वाधिक अंक अर्जित किए थे। हालांकि साक्षात्कार में अपेक्षाकृत कम अंक मिलने के कारण वे अंतिम मेरिट सूची में पाँचवें स्थान पर रहे। इसके बावजूद प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में एक सशक्त युवा अधिकारी के रूप में उनका नाम उभरकर सामने आया है।
पारस का चयन इससे पहले पीएससी 2022 में भी हुआ था। उनकी सफलता संघर्ष, संयम और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल मानी जा रही है। लगभग 12 वर्ष पूर्व उनके माता-पिता—हीरालाल शर्मा और पूर्णिमा शर्मा—का निधन हो गया था। कुछ वर्षों बाद उनके छोटे भाई तापस शर्मा का भी देहांत हो गया। कठिन परिस्थितियों के बीच भी पारस ने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और सतत प्रयास करते हुए प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया।
पिता सरकारी स्कूल में पीटी शिक्षक थे, किन्तु पारस ने शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए सिविल सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया। आज उनकी सफलता से क्षेत्रवासियों, साथियों एवं प्रशासनिक जगत में खुशी की लहर है।
