
सुदीप यादव/सामरी
बलरामपुर कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के निर्देशानुसार कुसमी एसडीएम श्री करुण डहरिया के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम द्वारा अवैध धान परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने दिनांक 14/12/25 की रात्रि गश्त के दौरान झारखंड राज्य से छत्तीसगढ़ राज्य में अवैध रूप से धान परिवहन कर रहे दो पिकअप वाहनों को छत्तीसगढ़ सीमा अंतर्गत सामरी के आमटाही मार्ग पर पकड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़े गए वाहनों में उमेश यादव द्वारा 63 बोरी तथा पुष्पराज यादव द्वारा 60 बोरी धान का अवैध अंतरराज्यीय परिवहन किया जा रहा था। दोनों पिकअप वाहनों को जप्त कर सामरी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से जहां एक ओर शासन के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हुआ है, वहीं अवैध रूप से धान खरीदी-बिक्री करने वाले बिचौलियों का मनोबल लगातार टूटता नजर आ रहा है। इसके परिणामस्वरूप कुसमी विकासखंड में किसानों का धान शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार खरीदा जा रहा है, जिससे क्षेत्र के किसान संतुष्ट एवं खुश दिखाई दे रहे हैं।
इस संयुक्त कार्रवाई में कुसमी एसडीएम श्री करुण डहरिया के मार्गदर्शन में सामरी तहसीलदार श्री पारस शर्मा एवं जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक पांडेय का सराहनीय योगदान रहा।
