
सुदीप यादव/सामरी
कुसमी। अटल जयंती के अवसर पर कुसमी नगर पंचायत में नवनिर्मित अटल परिसर का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े और कुसमीवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। यह परिसर न केवल अटल जी के प्रति श्रद्धांजलि है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और विकासात्मक पहचान को भी सशक्त करता है।
नगर पंचायत के अधिकारी–कर्मचारियों द्वारा अतिथियों एवं आमजनों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक उद्देश्वरी पैकरा रहीं। भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जयसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत ने की, जबकि उपाध्यक्ष आनंद जयसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज, जनपद अध्यक्ष बसंती भगत, उपाध्यक्ष अशोक सोनी, समस्त पार्षदगण, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा बलरामपुर के मो. शमीम, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मिश्रा, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय जयसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता जन्मजय सिंह, राकेश भारती, प्रदीप गुप्ता, विनोद गुप्ता, केदार गुप्ता, उमेश्वर ओझा, विजय गुप्ता, बबलू सिंह, वसीम हुसैन, प्रीतम गुप्ता, अभय गुप्ता, सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन का दायित्व बालेश्वर नायक ने संभाला। प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम करुण डहेरिया, जनपद सीईओ अभिषेक पांडे, थाना प्रभारी विरासत कुजूर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
*अपने संबोधन में विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि_* स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी राष्ट्रनिर्माण के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिनकी सोच ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर आधारित थी। अटल परिसर केवल एक भवन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुशासन, राष्ट्रभक्ति और विकास की प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगा। छत्तीसगढ़ के विकास में अटल जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
*नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत ने कहा कि_* अटल परिसर का लोकार्पण कुसमी नगर के लिए गौरव का क्षण है। यह स्थल स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े महान नेता स्वर्गीय काका लारंग साय जी की स्मृतियों को भी संजोए रखेगा। यह परिसर सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
समारोह के समापन पर उपस्थित जनसमुदाय ने अटल जी के विचारों को आत्मसात करने और नगर के विकास में सहभागी बनने का संकल्प लिया।
