खरौद में महिला कमांडो का साहस—गली-गली अभियान, संयोजक का भव्य स्वागत।

जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत खरौद से एक ऐसी प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जो न केवल समाज को दिशा दे रही है, बल्कि नारी शक्ति के साहस और संकल्प की नई मिसाल भी कायम कर रही है। यहां पिछले दो वर्षों से महिला कमांडो की टीम अपने अदम्य साहस के दम पर “नशा मुक्त शहर” का अभियान चला रही है।

खरौद नगर में माझापारा, तिवारी पारा और शुकुल पारा की महिलाओं ने कमान संभाल रखी है। हर रोज शाम 7 बजे से 9 बजे तक ये महिला कमांडो गली-गली घूमकर अवैध गांजा, महुआ शराब और नशे के खिलाफ अलख जगा रही हैं। इस दौरान उन्हें असामाजिक तत्वों के विरोध, अपशब्दों और जोखिम का सामना भी करना पड़ता है, लेकिन उनका हौसला जरा भी नहीं डगमगाता। इसी जज्बे और संघर्ष के बीच महिला कमांडो टीम ने नवनियुक्त सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शरद चंद्र शर्मा का उनके निवास पहुंचकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में महिला कमांडो अध्यक्ष धनेश्वरी आदित्य, सचिव गेंद बाई आदित्य सहित पूरी टीम ने पुष्पगुच्छ, श्रीफल और साल भेंट कर सम्मान प्रकट किया। महिला कमांडो ने इस अवसर पर संगठन नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि शरद चंद्र शर्मा पहले भी विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं और अब सहकारिता के क्षेत्र में उनकी नियुक्ति किसानों और आमजन के लिए लाभकारी साबित होगी।

संयोजक शरद चंद्र शर्मा ने महिला कमांडो के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि— आप सभी का यह कार्य अतुलनीय है। शहर को अपराध मुक्त, नशा मुक्त और अराजकता मुक्त बनाने की दिशा में आपका योगदान नारी सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। यह आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक कदम है। कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश्वर यादव, पार्षद रामसहाय यादव, सत्यम सिदार, अमरिका घृतलहरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और महिला कमांडो उपस्थित रहीं। खरौद की ये महिलाएं आज सिर्फ अपने शहर को नहीं, बल्कि पूरे समाज को एक संदेश दे रही हैं—

“अगर इरादे मजबूत हों, तो बदलाव की शुरुआत घर की चौखट से ही होती है।”
