प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित लेन-देन के आरोपों को बताया बेबुनियाद, अध्यक्ष ने स्वयं जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

नवागढ़। जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत नवागढ़ की अध्यक्ष अर्चना देवांगन ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताते हुए नगर की जनता से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक द्वेष और उनकी छवि को धूमिल करने की नीयत से उनके खिलाफ झूठी शिकायतें और साजिशें की जा रही हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के बहकावे या भ्रामक प्रचार में आने के बजाय सीधे नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या और शिकायत दर्ज कराएं।

अध्यक्ष अर्चना देवांगन ने कहा कि वे पांच वर्षों के लिए जनता द्वारा चुनी गई हैं और उनका पूरा कार्यकाल जनहित, जनसेवा और नगर के विकास को समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

“मेरे नाम पर पैसे मांगे जाएं तो तत्काल शिकायत करें”
कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन पर प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मामलों में पैसों के लेन-देन के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई थी। अध्यक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट कहा कि उन्होंने किसी भी हितग्राही या उपभोक्ता से किसी प्रकार के पैसे की मांग नहीं की है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस प्रकार की शिकायत और उनके नाम के कथित दुरुपयोग की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वयं मामले को गंभीरता से लेते हुए लिखित शिकायत के माध्यम से जांच कराने और यदि कोई व्यक्ति उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। अध्यक्ष ने नगर पंचायत के हितग्राहियों से स्पष्ट अपील करते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर नगर पंचायत का कोई कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या कोई अन्य व्यक्ति किसी भी प्रकार के पैसों की मांग करता है, तो बिना किसी डर के तत्काल नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत करें। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अर्चना देवांगन ने कहा कि नगर पंचायत की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी समस्या के लिए किसी बिचौलिए या किसी के दबाव में आने की आवश्यकता नहीं है। नगर की जनता सीधे नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या रख सकती है, जहां उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा।
उन्होंने कहा, “मैं जनता की अध्यक्ष हूं और जनता के हित में काम करना ही मेरा संकल्प है। नगर की जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी होती है तो वे सीधे मेरे पास आएं। मैं उनकी समस्या को सुनने और उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करूंगी।”
विकास और पारदर्शिता का दिया भरोसा
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य नवागढ़ नगर को बेहतर और विकसित नगर बनाना है। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास के कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच विश्वास बना रहना चाहिए और किसी भी शिकायत का समाधान संवाद एवं नियमानुसार प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। अर्चना देवांगन ने कहा कि वे अपने पूरे पांच वर्ष के कार्यकाल में नगर के विकास और जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनके लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण जनता का विश्वास है और वह जनता के इसी विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।

जनता से भावुक अपील
अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन ने नवागढ़ की समस्त जनता से अपील करते हुए कहा कि “किसी भी व्यक्ति की बात पर आंख बंद करके विश्वास न करें। यदि कोई समस्या है, कोई शिकायत है या किसी योजना के नाम पर कोई पैसे मांगता है, तो सीधे नगर पंचायत कार्यालय में आकर शिकायत करें। आपकी शिकायत सुनी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने कार्यकाल के पूरे पांच वर्षों तक जनता के साथ खड़ी रहेंगी और नगर के विकास एवं जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगी।
अब देखना यह होगा कि अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर की गई शिकायत की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं। वहीं, अध्यक्ष की इस अपील के बाद नगर की जनता की नजरें भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और वास्तविक स्थिति पर टिकी हुई हैं।
