सेवानिवृत्त न्यायालय अधीक्षक किसान विजय मिश्रा ने 38 क्विंटल धान बेचकर की शुरुआत, धनीराम राठौर ने भी बेचा 14 क्विंटल धान।
जांजगीर-चांपा। गौरव ग्राम सिवनी नैला स्थित धान खरीदी केंद्र पंजीयन क्रमांक 480 में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। खरीदी के पहले ही दिन केंद्र में किसानों की अच्छी चहल-पहल देखने को मिली। किसानों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन लेकर केंद्र पहुंचकर अपने धान का विक्रय किया। धान खरीदी की शुरुआत में सबसे पहले सेवानिवृत्त न्यायालय अधीक्षक एवं किसान विजय मिश्रा, पिता स्वर्गीय गोविंद प्रसाद मिश्रा ने 38 क्विंटल मोटा धान विक्रय किया। वहीं किसान धनीराम राठौर, पिता स्वर्गीय छगरू राम राठौर ने 14 क्विंटल धान बेचकर खरीदी प्रक्रिया में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं किसानों ने धान खरीदी कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला प्रशासन एवं संबंधित समिति द्वारा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खरीदी केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई। किसानों को सुगम, पारदर्शी एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में कन्हाईबंद के पूर्व सरपंच प्रभाकर तिवारी, आचार्य अमित कुमार मिश्रा, समिति अध्यक्ष उमेश कुमार राठौर, राधेश्याम राठौर, शैलेंद्र पांडेय, संस्था प्रबंधक मायाराम राठौर, धान खरीदी प्रभारी नितिन कुमार पांडेय, पूर्व संस्था प्रबंधक ओम प्रकाश मिश्रा, राम गोपाल राठौर, बड़े दाऊ राठौर, राजेश राठौर, पाली सरपंच सुनील भवानी, कंप्यूटर ऑपरेटर लखन टैगोर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अतिथि उपस्थित रहे।
किसानों के चेहरे पर दिखी खुशी:– धान खरीदी के पहले दिन किसानों के उत्साह ने खरीदी केंद्र में सकारात्मक माहौल बना दिया। किसानों को उम्मीद है कि पूरी खरीदी अवधि के दौरान व्यवस्था सुचारू रहेगी और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सिवनी नैला धान खरीदी केंद्र में हुई यह शुरुआत क्षेत्र के किसानों के लिए उत्साह और उम्मीद का संदेश लेकर आई।
