Saturday, November 21, 2026
No menu items!

सड़क हादसे में घायल 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत, परिजनों ने जताई गांव के ट्रैक्टर पर आशंका

जांजगीर-चांपा जिले के महुदा/चांपा।सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए चांपा थाने पहुंच गए। परिजनों ने गांव के ही एक ट्रैक्टर वाहन से दुर्घटना होने की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार 17 नवंबर की शाम ग्राम महुदा निवासी लखेश्वर बरेठ (19 वर्ष), पिता तेजराम बरेठ, अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को तत्काल बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल बिलासपुर, एम्स रायपुर और इसके बाद डीकेएस अस्पताल रायपुर ले जाया गया। जहां 21 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने चांपा थाने पहुंचकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने महुदा गांव के ही एक ट्रैक्टर वाहन से दुर्घटना होने की आशंका भी जाहिर की।

परिजनों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल चांपा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org