जांजगीर-चांपा। आशीर्वाद देने के नाम पर लोगों की आस्था और भावनाओं को डर का हथियार बनाकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों को निशाना बनाकर कथित रूप से डराने-धमकाने वाले तीन आरोपियों को शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वसूली गई 1,450 रुपये की नकद रकम बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक CG 10 CF 6221 भी जब्त किया है।
11 हजार रुपये की मांग, श्राप और बर्बादी का डर दिखाकर वसूले 1,100 रुपये
मामले की शुरुआत 19 नवंबर 2026 को हुई, जब ग्राम मेहंदी निवासी बृजेश कुमार घृतलहरे ने शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक उनकी पत्नी गुंजन घृतलहरे घर के सामने ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। दोपहर करीब 12:50 बजे एक ऑटो में सवार होकर दो महिलाएं और एक पुरुष वहां पहुंचे। ऑटो चालक बाहर ही वाहन में बैठा रहा, जबकि दोनों महिलाएं कथित तौर पर जबरन ब्यूटी पार्लर के अंदर घुस गईं।
महिलाओं ने खुद को किन्नर बताते हुए आशीर्वाद देने की बात कही और इसके बदले 11 हजार रुपये की मांग की। जब पार्लर में मौजूद महिला ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो उसे श्राप देने, दुकान बंद हो जाने और परिवार बर्बाद होने जैसी धमकियां दी गईं। भयभीत होकर गुंजन ने अपने दराज से 1,100 रुपये निकालकर दे दिए। रकम मिलते ही दोनों महिलाएं ऑटो में बैठकर राहौद की ओर निकल गईं।
दवाई बेचने के बहाने घरों और दुकानों को बनाते थे निशाना!
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे ऑटो से अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और सड़क किनारे स्थित घरों एवं दुकानों में दवाई बेचने के बहाने पहुंचते थे। इसके बाद लोगों को डराकर उनसे पैसे वसूलते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑटो चालक को प्रतिदिन 1,500 रुपये देने की बात भी सामने आई है।
आरोपियों ने बिलासपुर से आते समय रास्ते में एक अन्य घर से भी डराकर 350 रुपये लेने की बात स्वीकार की। इस तरह पुलिस ने कुल 1,450 रुपये की नकद रकम बरामद की।
राहौद पुलिस सहायता केंद्र की तत्परता से पकड़े गए आरोपी
शिकायत मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहौद पुलिस सहायता केंद्र को सूचना दी। सूचना के आधार पर संदिग्ध ऑटो को रुकवाया गया। वाहन में एक पुरुष चालक और पीछे दो महिलाएं सवार थीं। पूछताछ में उनकी पहचान अंजली सौरा (22 वर्ष), संतोषी सौरा (50 वर्ष), दोनों निवासी मिनीमाता भाठापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा तथा ऑटो चालक रोहित कुमार यादव (33 वर्ष), निवासी आदर्श नगर सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ, प्रार्थी एवं गवाहों के बयान और घटनास्थल निरीक्षण के बाद वसूली गई रकम तथा वारदात में इस्तेमाल ऑटो को जब्त किया।
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(1), 308(2) एवं 3(5) में अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। दिनांक 20 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ओमकार वर्मा, गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक द्वारिका साहू, दिनेश चौहान, अभिषेक जायसवाल, लीलाराम साहू, शिव कश्यप, यशवंत पाटले, महिला आरक्षक पूजा भारती कटकवार सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
संदेश: आस्था और आशीर्वाद के नाम पर किसी को डराकर पैसे मांगना स्वीकार्य नहीं है। यदि कोई व्यक्ति श्राप, अनहोनी या परिवार की बर्बादी का भय दिखाकर जबरन रकम मांगता है तो डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
